प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत 2047” के विजन को साकार करने की दिशा में इस बार देशभर में सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार को नरवाना के सर छोटू राम पार्क में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में भाजपा युवा नेता कर्ण प्रताप सिंह और राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह महोत्सव केवल खेल प्रतियोगिता नहीं बल्कि समाज को जागरूक करने का एक बड़ा अभियान है। सांसद सुभाष बराला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि देश तभी प्रगति करेगा, जब समाज के चार प्रमुख वर्ग युवा, किसान, महिला और बुजुर्ग एकजुट होकर आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि “हिट इंडिया-फिट इंडिया, खेलेगा भारत-बढ़ेगा भारत” जैसे नारे देश को नई दिशा दे रहे हैं। खेल महोत्सव के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखकर उनके जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और ऊर्जा का संचार किया जाएगा।