जींद के गांव दनौदा कलां के मनरेगा मजदूरों ने मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित एसडीएम कार्यालय के बाहर रोष प्रदर्शन किया। मनरेगा मजदूर समिति हरियाणा के प्रधान समुद्र सिंह के नेतृत्व में मजदूरों ने पंचायत सचिव और रोजगार सहायक के तबादले की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। समुद्र सिंह ने बताया कि पंचायत सचिव अभिमन्यु ढुल मनरेगा मजदूरों की उपस्थिति दर्ज नहीं कर रहे हैं और मजदूरों की डिमांड पर साइन भी नहीं कर रहे हैं, जिससे गांव के सभी मनरेगा मजदूरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मजदूरों का कहना है कि उनके पास मनरेगा कार्य के अलावा आय का कोई अन्य साधन नहीं है, और इस व्यवहार से उनकी रोजी-रोटी पर संकट आ गया है। एसडीएम दलजीत सिंह ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि इस समस्या के समाधान के लिए पंचायत सचिव और रोजगार सहायक को बुलाकर पांच मनरेगा मजदूरों की उपस्थिति में चर्चा की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मजदूरों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। इस दौरान विकास, मियां सिंह, कमलेश, पूजा, वीरमती, संतोष, सुरेश, विद्या, पाला सहित बड़ी संख्या में मनरेगा मजदूर मौजूद रहे। प्रदर्शन के माध्यम से उन्होंने अपनी मांगों को लेकर एकजुटता दिखाई और समस्या का शीघ्र समाधान करने की अपील की।