एसपी कुलदीप सिंह ने शहरवासियों से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग की अपील संवाद न्यूज एजेंसी जींद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई के प्रस्तावित जींद दौरे को लेकर जिला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में एसपी कुलदीप सिंह ने सोमवार को प्रेसवार्ता में बताया कि प्रधानमंत्री के काफिले के गुजरने वाला मार्ग 17 जुलाई की सुबह आठ बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा। इसके बाद प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के अनुसार उनके आगमन से करीब 20 मिनट पहले सुरक्षा कारणों से संबंधित सड़क को अस्थाई रूप से बंद कर दिया जाएगा। एसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री का काफिला सुरक्षित रूप से निकलने के बाद मार्ग को दोबारा यातायात के लिए खोल दिया जाएगा, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं और पूरे रूट पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी। उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग करें तथा निर्धारित यातायात नियमों और डायवर्जन का पालन करें। यदि किसी मार्ग पर कुछ समय के लिए आवाजाही रोकी जाती है तो इसे सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा समझते हुए धैर्य बनाए रखें। एसपी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग से ही प्रधानमंत्री के दौरे को सुरक्षित और सफल बनाया जा सकता है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की भी अपील की।