वंदे मातरम गीत के दौरान कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी द्वारा पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को कुर्सी देने के मामले को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने रोष जताया। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे राष्ट्रगीत के प्रति कांग्रेस की कथित अनादरपूर्ण मानसिकता बताते हुए शहर में कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि वंदे मातरम देश के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रभावना से जुड़ा हुआ गीत है। इसके गायन के दौरान सभी को सम्मानपूर्वक खड़े रहना चाहिए। भाजपा नेता डिप्टी स्पीकर डॉ कृष्ण मिड्ढा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं द्वारा इस दौरान खड़गे को बैठने के लिए कुर्सी देना राष्ट्रभावना का अपमान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यह मानसिकता देश की जनता के सामने उजागर हो गई है। कैंडल मार्च के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि वंदे मातरम का विरोध अथवा उसके सम्मान में कमी देश के करोड़ों लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाती है। उन्होंने कांग्रेस से इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की। भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी देश के महापुरुषों, राष्ट्रीय प्रतीकों और राष्ट्रभक्ति से जुड़े गीतों का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भी राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर राष्ट्रीय भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारे लगाते हुए अपना रोष व्यक्त किया।