जींद के नरवाना के विश्वकर्मा चौक के नजदीक शुक्रवार रात को सीआईए नरवाना व डीएसपी नरवाना के नेतृत्व में पुलिस की टीमों की मुठभेड़ व्यापारी से दो करोड़ की फिरौती मांगने वाले बदमाशों से हुई। बदमाश रिट्ज कार में सवार होकर आए थे। दस लाख रुपये की फिरौती लेने के लिए व्यापारी को गोहाना से बुलाया गया था। बदमाशों ने पुलिस को देखकर मौके पर फायरिंग की तो इसमें पुलिस ने भी गोलियां चलाई। जो बदमाशों की कार को लगी। इसके बाद बदमाश कार छोड़कर बिजली निगम के कार्यालय के साथ लगते जंगल की तरफ भाग गए। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर तलाशी ली तो इसमें से एक तलवार और दो देशी पिस्तौल व दो मोबाइल भी बरामद हुए। फिरौती की राशि नरवाना शहर के विश्वकर्मा चौक पर दी जानी थी। डीएसपी नरवाना अमित भाटिया ने बताया कि गोहाना के एक व्यापारी सुनील वर्मा से दो बदमाशों ने दो करोड़ फिरौती 23 नवंबर को मांगी थी।