कस्बे की नई अनाजमंडी में धरने पर बैठे किसानों ने सरकार द्वारा लागू किए गए नए नियमों के विरोध में बुधवार को अर्धनग्न होकर जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए नए नियमों को तुरंत वापस लेने की मांग की। किसान नेता नरेश ढांडा ने कहा कि सरकार लगातार किसानों और आढ़तियों पर नए-नए नियम थोप रही है, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मंडियों में फसल बेचने की प्रक्रिया को पहले ही आसान बनाने की जरूरत थी, लेकिन इसके उलट सरकार ने बायोमेट्रिक सत्यापन और ट्रैक्टर नंबर प्लेट के साथ फोटो जैसी शर्तें लागू कर दी हैं, जिससे किसानों का समय और मेहनत दोनों बर्बाद हो रहे हैं। किसानों का कहना है कि बायोमेट्रिक सिस्टम अक्सर ठीक से काम नहीं करता, जिससे उन्हें घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता है। वहीं, ट्रैक्टर के साथ फोटो खिंचवाने की प्रक्रिया भी कई बार तकनीकी कारणों से पूरी नहीं हो पाती, जिसके चलते फसल की बिक्री में देरी हो रही है। किसानों ने आरोप लगाया कि सरकार जमीनी हकीकत को समझे बिना ही नियम बना रही है। इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रधान नरेंद्र ढांडा, नरेंद्र लाठर, जयपाल, सुरेंद्र आदि मौजूद रहे।