गांव बलाली में रविवार को आग लगने से करीब 300 एकड़ की बाजरे की पूलियां जलकर राख हो गईं। यह घटना सुबह करीब 11 बजे हुई जब किसान नवीन खेत में रखी पूलियों की संभाल कर रहा था। नवीन ने आग लगने का कारण खेत से गुजर रही बिजली की लाइन में शॉर्ट सर्किट होना बताया है। ग्रामीणों और नवीन ने तुरंत फायर ब्रिगेड को आग लगने के बारे में सूचना दी। करीब एक घंटे के बाद मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। आग इतनी अधिक थी कि कुछ ही समय में सभी पूलियों में फैल गई। नवीन के अनुसार आग से उसे करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही बाढड़ा विधायक उमेद सिंह पातुवास भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने किसान को हर संभव सहायता और शीघ्र मुआवजा दिलवाने का आश्वासन दिया।