ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला की पहल रंग ला रही है। नरवाना विधानसभा के गांव सींसर में रविवार को आदित्य सुरजेवाला निःशुल्क मोबाइल अस्पताल पहुंचा, जहां सैकड़ों ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया। गांव की प्रजापति चौपाल में आयोजित इस शिविर में डॉक्टरों की टीम ने ब्लड प्रेशर, शुगर समेत सामान्य बीमारियों की जांच की और मौके पर ही निःशुल्क दवाइयां दीं। मोबाइल अस्पताल में जयराम अस्पताल नरवाना के विशेषज्ञ डॉक्टर नवनीत घनघस एमबीबीएस, मनदीप ओटी, ज्योति एएनएम व करीना की टीम ने सेवाएं दीं। बुजुर्गों, महिलाओं व बच्चों की बड़ी संख्या सुबह से ही चौपाल में पहुंची। ग्रामीणों ने घर के नजदीक ऐसी सुविधा मिलने पर खुशी जाहिर की। विधायक आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि यह मोबाइल अस्पताल कैथल व नरवाना विधानसभा के हर गांव और वार्ड तक पहुंचेगा, ताकि गरीब और जरूरतमंद लोगों को इलाज के लिए भटकना न पड़े। ग्रामीणों ने इस पहल को स्वास्थ्य क्षेत्र में क्रांतिकारी कदम बताते हुए विधायक का आभार जताया।