सिल्लाखेड़ी हाल्ट के पास रेलवे ट्रैक किनारे एक युवक का शव मिला है। सूचना मिलने पर सदर थाना सफीदों पुलिस पहुंची। मृतक की पहचान यूपी के मुजफ्फरनगर जिले के गांव बड़ौदा निवासी 26 वर्षीय साजिद के रूप में हुई है। घटनास्थल के पास चाकू और डंडे बरामद हुए हैं। सूचना पर जीआरपी भी मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल जींद पहुंचाया, लेकिन शव के सड़ने के कारण उसे पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज खानपुर भेज दिया है। मृतक के ताऊ के लड़के गुलजार ने बताया कि साजिद यूपी से पत्नी और पांच वर्षीय बेटे के साथ करीब दो महीने पहले सिल्लाखेड़ी हाल्ट के पास महालक्ष्मी ईंट-भट्ठे पर काम करने के लिए आया था। वह दस जून रात से लापता हो गया। हालांकि उसकी पत्नी ने गुमशुदा की रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई। जांच अधिकारी कविता देवी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज खानपुर भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।