झज्जर। हरियाणा सरकार के "नशा मुक्त हरियाणा" अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से झज्जर पुलिस ने लघु सचिवालय स्थित संवाद भवन में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, सरपंचों, शिक्षकों, स्वास्थ्य कर्मियों, युवाओं ने भाग लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। एडीजीपी डॉ. राजश्री सिंह ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और उन्हें नशे व अपराध जैसी बुराइयों से दूर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि युवा सही दिशा में आगे बढ़ेंगे तो एक स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध समाज का निर्माण संभव होगा। उन्होंने कहा कि केवल पुलिस या प्रशासन के प्रयासों से ही नहीं बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से ही नशे के खिलाफ इस लड़ाई को मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन पर भी विशेष जोर दिया।