जिले के गांव बराणी से 9 वर्षीय बच्चे के अपहरण के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स की रोहतक इकाई ने कार्रवाई करते हुए इस सनसनीखेज वारदात में शामिल दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। जानकारी के अनुसार 4 मार्च 2026 को थाना बेरी क्षेत्र के गांव बराणी निवासी एक परिवार ने पुलिस को सूचना दी कि करीब सुबह 10:45 बजे उनका 9 वर्षीय बेटा अमरजीत घर के पास से अचानक लापता हो गया। परिवार को शक हुआ कि अज्ञात लोगों ने बच्चे का अपहरण कर लिया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और थाना बेरी में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए हरियाणा एसटीएफ की रोहतक इकाई को भी जांच में शामिल किया गया। निरीक्षक नरेंद्र पाल के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को काबू करने में सफलता हासिल की। जांच में सामने आया कि इस वारदात का मुख्य आरोपी मोनू पुत्र राजबीर निवासी गांव कंसाला जिला रोहतक है, जिसकी शादी झज्जर जिले के गांव बराणी में हुई है। पुलिस के अनुसार मोनू ने करीब 20 दिन पहले अपने साले मनीष उर्फ सींदू पुत्र नरेश निवासी गांव बराणी के साथ मिलकर इस अपहरण की साजिश रची थी। बताया जा रहा है कि मनीष पीड़ित परिवार की फर्नीचर की दुकान पर नौकरी करता था और उसी ने बच्चे को बहला-फुसलाकर दुकान पर बुलाया और वहां से अपहरण कर लिया। आरोपियों ने बच्चे को अगवा करने के बाद पीड़ित परिवार से 5 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की थी। पुलिस के मुताबिक बच्चे को रोहतक के पास एक सुनसान स्थान पर रखा गया था। एसटीएफ ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मोनू, उसका साला मनीष और एक अन्य आरोपी को काबू कर लिया है। पुलिस अब अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले से जुड़े पैसों की रिकवरी के लिए कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों को आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए जिला पुलिस टीम के हवाले कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा