हरियाणा के प्रथम मुख्यमंत्री एवं महान स्वतंत्रता सेनानी स्व. पंडित भगवत दयाल शर्मा की 33वीं पुण्यतिथि के अवसर पर बेरी स्थित समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने शिरकत की। उन्होंने स्व पंडित भगवत दयाल शर्मा के समाधि स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके योगदान का स्मरण किया। इस दौरान एसडीएम रेणुका नांदल व पंडित भगवत दयाल शर्मा ट्रस्ट की अध्यक्ष आशा शर्मा ने स्व पंडित भगवत दयाल शर्मा को नमन करते हुए युवा पीढ़ी से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। राज्यसभा सांसद ने कहा कि पंडित भगवत दयाल शर्मा ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और हरियाणा के प्रथम मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश के विकास की मजबूत नींव रखी। उनका जीवन समाज सेवा, ईमानदारी और समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने कहा कि स्व.पंडित भगवत दयाल शर्मा हमेशा गरीब,किसान, मजदूरों सहित 36 बिरादरी को साथ लेकर चलते थे।