परिवहन सेवा की वेबसाइट का सर्वर पिछले कई से स्लो काम कर रहा है। इस कारण लोगों के लाइसेंस, आरसी, वाहन टैक्स से संबंधित काम नहीं हो पा रहे हैं। कभी वेबसाइट चल जाती है तो कभी बीच में ही काम करना छोड़ देती है। ऐसे में काम कराने आए लोगों को वापस लौटना पड़ता है। यह समस्या पिछले तीन-चार दिन से आ रही है। सोमवार को भी सरल केंद्र में लोग अपने काम कराने के लिए पहुंचे तो वेबसाइट नहीं चलने के कारण उनको वापस जाना पड़ा। परिवहन सेवा वेबसाइट से लोगों के हैवी, लाइट और लर्निंग के नए लाइसेंस के अलावा डुप्लीकेट गाड़ियों के आनलाइन टैक्स, पासिंग के लिए आवेदन किए जाते हैं, लेकिन वेबसाइट नहीं चलने के कारण अब कोई काम नहीं हो पा रहे हैं। झज्जर ई दिशा केंद्र में आरसी, लाइसेंस से संबंधित 15 से 20 स्लॉट वेबसाइट पर लिए जाते हैं, लेकिन पिछले तीन-चार दिन से यह काम नहीं हो पा रहे हैं। इसके अलावा वाहनों की पासिंग के लिए आवेदन नहीं हो रहे हैं। ई दिशा केंद्र में काम कराने आए झज्जर निवासी विपिन ने बताया कि उसने लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन करना था, लेकिन वेबसाइट नहीं चलने के कारण काम नहीं हो पाया। बार-बार साइट बंद हो रही हैं। इस कारण आवेदन बीच में ही लटककर रह गया। सीएचसी केंद्र पर भी यही हालत है। वेबसाइट वहां भी नहीं चल रही। सिलानी गेट निवासी पुष्कर ने बताया कि उसने आरसी के लिए आवेदन करना था, लेकिन यहां आकर पता चला कि साइट नहीं चल रही। परिवहन सेवा के काम को देखते रहे कर्मचारी पवन ने बताया कि वेबसाइट पर मेंटेनेंस का काम चल रहा है। इस कारण तीन-चार दिन से दिक्कत आई हुई है। ई-दिशा केंद्र के इंचार्ज अमित कुमार ने बताया कि परिवहन की वेबसाइट इलाहाबाद से संचालित होती है, इसलिए कई बार सर्वर स्लो होने के कारण दिक्कत आ रही है।