9-12 आयु वर्ग के फोक डांस में पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बेरी रहा प्रथम संवाद न्यूज एजेंसी झज्जर। पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को ब्लॉक स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बीईओ रोहताश दहिया ने की। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी रविंद्र कौशिक रहे जबकि आयोजन की समग्र जिम्मेदारी विद्यालय की प्राचार्या उर्मिल राठी ने निभाई। कार्यक्रम कि शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी बेरी रोहताश दहिया ने मां सरस्वती के सामने दीप प्रज्वलित कर किया। उत्सव का आयोजन दो वर्गों कक्षा 5वीं से 8वीं, कक्षा 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों के लिए किया गया। दोनों वर्गों के प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में फोक डांस (एकल), फोक डांस (समूह), रागिनी और नाटक प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। सभी प्रस्तुतियां हरियाणा की विरासत, संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों तथा पर्यावरण संरक्षण विषय पर आधारित रहीं। विद्यार्थियों ने लोकगीत, लोकनृत्य, रागिनी और नाटकों के माध्यम से हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत किया और पर्यावरण संरक्षण का प्रभावशाली संदेश दिया। मुख्य अतिथि बीईओ रोहताश दहिया ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ अपनी संस्कृति, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता विकसित करते हैं। नोडल अधिकारी रविंद्र कौशिक ने कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस अवसर पर प्राचार्य मेहताब, प्राचार्य मनीषा, प्राचार्य डॉ. लाली, प्राचार्य पूनम मौजूद रहे।