झज्जर। नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों ने पंजाब में सफाई कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने शहर के आंबेडकर चौक पर एकत्र होकर पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पंजाब के मुख्यमंत्री का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने लाठीचार्ज की घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे कर्मचारियों की लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास बताया। सफाई कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि पंजाब सरकार ने सफाई कर्मचारियों की मांगों को जल्द पूरा नहीं किया तो हरियाणा के सफाई कर्मचारी भी उनके समर्थन में व्यापक आंदोलन करेंगे। इकाई प्रधान शिवम चावरिया ने कहा कि कि पंजाब के सफाई कर्मचारियों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने हरियाणा सरकार को भी कच्चे सफाई कर्मचारियों को पक्का करने की मांग को लेकर चेतावनी दी। शिवम ने ने कहा कि सरकार के साथ इस मुद्दे पर पहले सहमति बन चुकी थी, लेकिन अब तक कच्चे कर्मचारियों को नियमित नहीं किया गया है, जिससे कर्मचारियों में भारी रोष है। लंबे समय से कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग लंबित है। सरकार ने कर्मचारियों से वादा किया था कि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया तो प्रदेशभर के सफाई कर्मचारी बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। शिवम ने बताया कि इसी मांग को लेकर 6, 7 और 8 अगस्त को हरियाणा में सफाई कर्मचारी सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन में प्रदेश के विभिन्न नगर परिषदों और नगर पालिकाओं के कर्मचारी भाग लेंगे। कर्मचारियों ने सरकार से मांग की कि कच्चे कर्मचारियों को जल्द नियमित किया जाए और सफाई कर्मचारियों से जुड़े सभी लंबित मुद्दों का समाधान किया जाए।