झज्जर: जिले के गांव सिलानी निवासी प्राची चाहार ने इंडोनिया के जकार्ता में आयोजित हुई एशियन मुक्केबाजी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। जिले में पहुंचने पर मुक्केबाज खिलाड़ी प्राची चाहार का स्वागत किया गया। हाल ही में तीन से 16 जुलाई तक इंडोनेशिया के जकार्ता में एशियन मुक्केबाजी चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। इसमें जिले के गांव सिलानी निवासी प्राची चाहार अंडर-19 आयु वर्ग के 57 किलोग्राम भार वर्ग में शामिल रही। इस दौरान प्राची चाहार ने चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते स्वर्ण पदक अपने नाम किया और गांव, जिले, प्रदेश व देश का नाम रोशन किया। स्वर्ण पदक जीतने के बाद प्राची चाहार रविवार को अपने गृह जिले में पहुूंची। इसके बाद प्राची चाहार का महर्षि दयानंद सरस्वती स्टेडियम से लेकर सिलानी गांव तक जोरदार स्वागत किया गया। ढोल नगाड़ों व डीजे की धुन सहित मोटरसाइकिल व गाड़ियों के जत्थे के साथ खुली जीप में प्राची चाहार को गांव तक लेकर जाया गया। अपने पैतृक गांव सिलानी पहुंची प्राची चाहार के स्वागत में पूरा गांव उमड़ पड़ा। फूलों की वर्षा और उत्साह से भरे ग्रामीणों ने विजेता बेटी का भव्य स्वागत किया।