बहादुरगढ़ के सेक्टर छह में आपसी खींचतान की वजह से बदले गए टीचरों को वापस बुलाने की मांग पर राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालय में अभिभावकों ने काफी देर तक हंगामा किया। सूचना मिलते ही खंड शिक्षा अधिकारी यानि बीईओ शेर सिंह, प्राचार्य संजय राठी मौके पर पहुंचे और उन्हें शांत किया। बीईओ शेर सिंह ने अभिभावकों को बताया कि बच्चों की भलाई और पढ़ाई के लिए ही यहां के पुराने टीचरों को दूसरे स्कूलों में भेजा गया है। नए टीचर भी पढ़ाई ठीक ढंग से करेंगे। अधिकारियों के समझाने-बुझाने से अभिभावक मान गए और घरों को लौट गए।