बहादुरगढ़। शहर के बेरी रोड पर एक व्यक्ति की डंडों से पीटकर हत्या कर उसका शव झाड़ियों में फेंकने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। मृतक के बेटे की शिकायत पर थाना सेक्टर-6 पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के त्रिलोकपुर गाँव निवासी सत्यपाल के रूप में हुई है। वह परिवार के साथ बहादुरगढ़ के दलबीर नगर में किराये पर रहकर मेहनत-मजदूरी करता था। उसके बेटे शिवम ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि 11-12 जुलाई की रात गांव सराय औरंगाबाद में किराये पर रहने वाले उनके ही गांव के निवासी शिवम, अमित और अर्जुन ने उसके पिता पर लाठी-डंडों से हमला किया। शिकायत के अनुसार हमले के बाद आरोपी सत्यपाल को जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने साथ अज्ञात स्थान पर ले गए। वहां पर उनकी बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उनकी मौत हो गई। आरोप है कि हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने और शव को खुर्द-बुर्द करने की नीयत से आरोपियों ने शव को बेरी रोड पर सेक्टर-6 थाना क्षेत्र में सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया।