झज्जर। टिकट आरक्षण केंद्र शुरू के बाद वीरवार को छह लोगों ने अलग-अलग जगहों की टिकट का आरक्षण कराया। इससे पहले बुधवार को एक टिकट का आरक्षण किया गया था। टिकट आरक्षण केंद्र शुरू होने पर व्यापार मंडल के सदस्यों, राजनीतिक नेताओं सहित आमजन ने लड्डू बांटकर खुशी मनाई। झज्जर रेलवे स्टेशन पर पिछले करीब 23 माह से टिकट आरक्षण केंद्र बंद पड़ा था। शहर के आमजन, व्यापारियों व अन्य लोगों के सहयोग से 23 माह बाद दोबारा से टिकट आरक्षण केंद्र शुरू हो पाया है। इससे पहले शहर व आसपास के क्षेत्र के लोग टिकट का आरक्षण कराने के लिए रोहतक, रेवाड़ी, बहादुरगढ़ सहित अन्य रेलवे स्टेशनों पर जाते थे। इसके अलावा कई बार सीएससी सेंटर पर भी टिकट का आरक्षण कराना पड़ता था। इस दौरान उनको अतिरिक्त शुल्क देना पड़ता था, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान भी होता था। वहीं, अब रेलवे स्टेशन झज्जर पर टिकट आरक्षण केंद्र शुरू होने पर लोगों को अतिरिक्त आर्थिक नुकसान नहीं देना पड़ेगा। जिले के लोगों, व्यापारियों व अन्य लोगों ने टिकट आरक्षण केंद्र शुरू होने पर सरकार व रेलवे के अधिकारियों का आभार जताया। हरियाणा व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष केशव सिंघल ने कहा कि टिकट आरक्षण केंद्र शुरू होने पर अब शहर के लोगों को टिकट आरक्षण कराने के लिए अन्य जगहों पर चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। नगर परिषद झज्जर के चेयरमैन जिले सिंह सैनी ने टिकट आरक्षण केंद्र पर सरकार व रेलवे अधिकारियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि अब लोगों को टिकट आरक्षण कराने के लिए अतिरिक्त शुल्क भी नहीं देना पड़ेगा। रेलवे स्टेशन पर आकर लोग अपना टिकट आरक्षण करा सकेंगे। उन्होंने कहा कि अब इस टिकट आरक्षण केंद्र को निरंतर रूप से संचालित किया जाना चाहिए। इस दौरान कांग्रेस नेता सुभाष गुज्जर, सूबे सिंह हरित, ओमप्रकाश सैनी, गुलशन शर्मा, मनोज तलवार व शंकर ग्रोवर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।