झज्जर। स्वतंत्रता दिवस की 79वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में चल रहे हर घर तिरंगा व वंदे मातरम् अभियान के तहत जिला प्रशासन प्रभावी रूप से राष्ट्रव्यापी मुहिम में भागीदार बन रहा है। सोमवार को संवाद भवन परिसर में हर घर तिरंगा व वंदे मातरम् थीम पर सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के तत्वावधान में प्रदर्शनी लगाई गई, वहीं स्कूल के विद्यार्थियों की तरफ से पेंटिंग व वंदे मातरम् गायन गतिविधियों का आयोजन किया। डीसी वर्षा खांगवाल ने परिसर में लगी हर घर तिरंगा सेल्फी प्वाइंट पर फोटो लेते हुए उपस्थित विद्यार्थियों को भी हर घर तिरंगा पोर्टल पर सेल्फी अपलोड करने के लिए प्रेरित किया ताकि उन्हें ई सर्टिफिकेट भी मिल सके। डीसी ने सोमवार को प्रदर्शनी का शुभारंभ किया और प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कहा कि इस प्रदर्शनी में हर घर तिरंगा व वंदे मातरम से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों की विस्तार से जानकारी दी गई है, जो युवा पीढ़ी के लिए ज्ञानवर्धक है। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में हर घर तिरंगा अभियान के तहत जागरूकता गतिविधियों का आयोजन हो रहा है और इस राष्ट्रीय अभियान में जिला उल्लेखनीय सहभागिता सुनिश्चित कर रहा है। उन्होंने बताया कि झज्जर जिला सचिवालय परिसर सहित बहादुरगढ़, बादली व बेरी लघु सचिवालय के साथ-साथ शहरी क्षेत्र बहादुरगढ़ व झज्जर शहरी निकाय के माध्यम सें भी प्रदर्शनी लगाई जा रही है ताकि अधिक से अधिक जिलावासी इस प्रदर्शनी के माध्यम से तिरंगे का इतिहास व वंदे मातरम् से संबंधित जानकारी हासिल कर सकें। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी रतेंद्र सिंह, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी दिनेश कुमार, अधीक्षक धर्मबीर सिंह, एईओ जय कौशिक मौजूद रहे।