संवाद न्यूज एजेंसी झज्जर। सुपर-100 को लेकर मंगलवार को शहीद रमेश कुमार राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में प्रवेश परीक्षा लेवल-एक का आयोजन किया गया। परीक्षा दोपहर 12 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित की गई। विद्यार्थियों का रिपोटिंग टाइम 11:30 बजे रखा गया था। इसके लिए कुल 50 विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया था। इसमें 20 विद्यार्थियों ने भाग लिया और 30 गैर हाजिर थे। जिला विज्ञान विशेषज्ञ जसवीर दलाल ने बताया कि लेवल-1 परीक्षा का परिणाम 17 जुलाई को घोषित किया जाएगा। इसके बाद चयनित विद्यार्थियों की लेवल-2 परीक्षा 19 जुलाई से हरियाणा सुपर-100 परिसर में आयोजित की जाएगी, जिसके आधार पर विस्तारित 100 सीटों के लिए अंतिम चयन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा सुपर-100, शिक्षा विभाग हरियाणा एवं विकल्प फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से संचालित एक आवासीय शैक्षणिक एवं व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य राजकीय विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों को ऐसा समग्र शैक्षणिक वातावरण, मार्गदर्शन, अनुशासन एवं अवसर उपलब्ध कराना है, जिससे वे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश प्राप्त कर सकें और अपने जीवन में नई ऊंचाइयां हासिल कर सकें। जिला गणित विशेषज्ञ विक्रम सिंह ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। जिला शिक्षा अधिकारी रतिंद्र सिंह ने बताया कि इस वर्ष के उत्कृष्ट परिणामों, विशेषकर आईआईटी एडवांस में विद्यार्थियों के उल्लेखनीय प्रदर्शन को देखते हुए कार्यक्रम की 100 अतिरिक्त सीटों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके साथ ही हरियाणा सुपर-100 की कुल सीटें 400 से बढ़ाकर 500 कर दी गई हैं, जिससे प्रदेश के अधिक से अधिक मेधावी एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को इस आवासीय शैक्षणिक एवं व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम का लाभ मिल सकेगा।