अपनी विभिन्न मांगों को लेकर झज्जर नगर परिषद के पे-रोल पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों ने अपनी भूख हड़ताल शुरू कर दी है। आंदोलनरत सफाई कर्मचारियों की माने तो उनकी भूख हड़ताल दो दिनों तक चलने वाली है। दोनों दिन पे-रोल पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों में से 11 कर्मचारी भूख हड़ताल पर बैठेंगे। इन सबके बावजूद भी यदि सरकार ने उनकी मांग पूरी नहीं की तो फिर स्टेट कमेटी का जो फैसला होगा उसके अनुसार वह बड़ा अदाेलन छेड़ने को मजबूर होंगे। भूख हड़ताल पर बैठे इन सफाई कर्मचारियों का नेतृत्व कर रहे गौरव ने बताया कि पूरे हरियाणा में पे-रोल पर कार्यरत सफाई कर्मचारी स्टेट कमेटी के आहवान पर भूख हड़ताल पर बैठेंगे। उनकी यह भूख हड़ताल शुक्रवार को भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि स्टेट कमेटी का फैसला है कि मांगों को लेकर निगम के अंदर 21,परिषद के अंदर 11 और पालिकाओं में 5 सफाई कर्मचारी भूख हड़ताल पर लगातार दो दिनों तक रहेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी मुख्य मांग पे-रोल पर कार्यरत सभी सफाई कर्मचारियों को नियमित करने और न्यूनतम वेतन 26 हजार रूपए किए जाने की है। सरकार ने इसका और खासकर मुख्य मंत्री ने यह वायदा भी कर रखा था। सीएम अपना वायदा पूरा करे। उन्होंने चेताया कि यदि सरकार उनकी मांग पूरी नहीं करती है तो फिर स्टेट कमेटी के आहवान पर वह बड़ा आंदोलन छेड़ने को मजबूर होंगे।