हरियाणा के झज्जर के साल्हावास क्षेत्र के गांव झाड़ली मोहनबाडी की सीमा पर तेंदुआ देखे जाने की सूचना तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। गाड़ी में सवार किसी अज्ञात द्वारा वीडियो बनाई गई है, जिसमें तेंदुआ भागता हुआ दिखाई दे रहा है और युवक ये कहते हुए साफ सुनाई दे रहे हैं कि यह झाड़ली रोड है। तभी दूसरा युवक कहता सुनाई दे रहा है कि नहीं ये मोहनबाडी रोड है। झामरी गांव में इस संबंध में चौकीदार के माध्यम से मुनादी भी करवाई गई है। लोगों से विशेषकर खेतों में पानी देने वाले किसानों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है। वहीं गांव खोरडा में भी मुनादी करवाने की बात सामने आ रही है। खोरडा के साथ लगते चरखी दादरी जिले के गांव चिड़िया, मकड़ाना में भी इस तरह की चर्चा को लेकर मुनादी भी करवाई गई है।