राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस को सफल बनाने के लिए जिला स्तर पर व्यापक तैयारी की गई हैं। इसी कड़ी में सोमवार को नागरिक अस्पताल के जिला ट्रेनिंग हॉल में सिविल सर्जन डॉ. मंजू कादयान की अध्यक्षता में जिले भर के मेडिकल ऑफिसर्स, सीनियर मेडिकल ऑफिसर्स एवं अन्य स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक में कार्यक्रम अधिकारी उप सिविल सर्जन डॉ. ममता त्यागी एवं जिला किशोर स्वास्थ्य काउंसलर संदीप कुमार जांगड़ा ने बताया कि इस अभियान के तहत जिले भर में लगभग 3 लाख से अधिक एक वर्ष से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोरों को पेट के कीड़ों से बचाव के लिए एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि यह अभियान जिले के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, कॉलेजों, आईटीआई संस्थानों, फैक्ट्रियों, ईंट-भट्ठों और अन्य ऐसे सभी स्थानों पर चलाया जाएगा, जहां 1 से 19 वर्ष तक के बच्चे एवं किशोर उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त, छूटे हुए बच्चों को कवर करने के लिए निर्धारित मॉप-अप राउंड के दौरान घर-घर जाकर भी दवा खिलाई जाएगी। सिविल सर्जन डॉ. मंजू कादयान ने निर्देश दिए कि अभियान में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 21 अप्रैल से 5 मई तक चलने वाले इस अभियान में यह सुनिश्चित किया जाए कि एक भी बच्चा एल्बेंडाजोल की गोली खाने से वंचित न रहे। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि 1 वर्ष से 19 वर्ष तक के सभी बच्चों को यह दवाई अवश्य दिलवाएं, जिससे पेट के कीड़ों का नाश हो और बच्चों का शारीरिक व मानसिक विकास बेहतर हो सके। राज्य स्तर से उपनिदेशक डॉ. अमनदीप एवं डॉ. अपराजिता ने भी समीक्षा की। उन्होंने जिले सहित सभी जिलों को निर्देश दिए कि अभियान का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाए और कोई भी पात्र बच्चा दवाई लेने से वंचित न रहे। बैठक में उप सिविल सर्जन डॉ. शैलेंद्र डोगरा, उप सिविल सर्जन डॉ. कुलदीप, उप सिविल सर्जन डॉ. बसंत दुबे, डॉ. निधि मोमिया, डीपीएम सुनीता अरोड़ा, डीएमईओ रीना, डेंटल सर्जन डॉ. शिखा मौजूद रहे।