सरकार के निर्देश पर बादली लघु सचिवालय में वीरवार को दो घंटे तक समाधान शिविर लगाया गया, लेकिन इस दौरान मात्र आठ शिकायतें ही पहुंचीं। एसडीएम विशाल कुमार की अध्यक्षता में सुबह 10 से 12 बजे तक शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्राप्त आठ शिकायतों में से पांच का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया, जबकि तीन शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजकर जल्द समाधान के निर्देश दिए गए। अधिकारियों का कहना है कि प्रचार-प्रसार के बावजूद लोग शिविर में कम संख्या में आ रहे हैं। सरकार ने आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिदिन समाधान शिविर लगाने के निर्देश दिए हैं।