बहादुरगढ़ रनर्स ग्रुप (बीआरजी) के धावकों ने नई दिल्ली में आयोजित “रन फॉर एक्सीलेंस” और 5वीं हाफ मैराथन में शानदार प्रदर्शन कर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस हाफ मैराथन में केंद्रीय सिविल सेवा सांस्कृतिक एवं खेल बोर्ड तथा यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया का सहयोग रहा। बीआरजी के 20 धावकों ने प्रतियोगिता में भाग लिया, जिनमें सीमा रावत और सनी खोखर ने 21 किमी दौड़ में द्वितीय स्थान हासिल कर 7-7 हजार रुपये का पुरस्कार जीता। अन्य धावकों ने भी सफलतापूर्वक दौड़ पूरी कर टीम भावना और अनुशासन का परिचय दिया। इसी तरह द्वारका में आयोजित “रन फॉर एक्सीलेंस” में भी बीआरजी के खिलाड़ियों का उत्साह देखने लायक रहा। अनेक धावकों ने फिटनेस का संदेश देते हुए शानदार भागीदारी निभाई। टीम के सदस्यों का कहना है कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ती है और खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलता है। बीआरजी की लगातार उपलब्धियां साबित कर रही हैं कि बहादुरगढ़ का यह रनर्स ग्रुप अब राजधानी स्तर पर भी अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।