रोहतक-दिल्ली रोड स्थित टू व्हीलर के सर्विस सेंटर में मंगलवार की शाम भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग शोरूम के अंदर बने सर्विस सेंटर से शुरू हुई और देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग लगने से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। आग किन कारणों के चलते लगी यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है। बताया गया है कि शोरूम के अंदर रखे प्लास्टिक और रबड़ के सामान में आग तेजी से फैल गई। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों को आग बुझाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। इस दौरान रोहतक-दिल्ली रोड पर यातायात भी प्रभावित रहा। जिसके चलते यातायात प्रभारी ट्रैफिक को नियंत्रित करने में जुटे रहे। बताया गया है कि होली के त्योहार के चलते शाम करीब 4 बजे ही शोरूम बंद कर दिया गया था और सभी कर्मचारी घर जा चुके थे। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शोरूम मालिक को भी घटना की सूचना दे दी गई है। नुकसान का आधिकारिक आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है।