यातायात पुलिस और नगर परिषद की तरफ से दो दिन से शहर में अतिक्रमण हटवाने का काम किया जा रहा है। बुधवार को भी यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के वाहनों के चालान किए। वहीं नगर परिषद ने अतिक्रमण करने वालों का सामान जब्त किया। बुधवार को पुरानी तहसील से मेडिकल रोड और छिकारा चौक तक अतिक्रमण हटवाया गया। नगर परिषद के कर्मी अतिक्रमण हटाने के दौरान सड़कों के दोनों तरफ के सामान उठाने की बजाय एक तरफ की सड़क के दुकानदारों पर कार्रवाई कर रहे हैं और उनका सामान जब्त कर रहे हैं। पुरानी तहसील रोड पर नगर परिषद कर्मियों ने एक तरफ के दुकानदारों के बाहर रखे बोर्ड, होर्डिंग जब्त किए जबकि दूसरी तरफ के दुकानदारों के बोर्ड, होर्डिंग को छूआ तक नहीं। इसके अलावा मेडिकल रोड, छिकारा चौक तक भी यही स्थिति देखने को मिली। यातायात पुलिस ने भी कई वाहनों के चालान किए। उसके बावजूद भी लोग फुटपाथ से अपने वाहन हटाते नहीं दिखे। यही नहीं निजी अस्पतालों के बाहर सड़क तक अवैध रूप से बनी पार्किंग पर यातायात पुलिस की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई। मेडिकल मोड पर कई निजी अस्पताल है और अस्पतालों के बाहर काफी संख्या में बाइक, गाड़ियां फुटपाथ पर खडे़ थे, लेकिन यातायात पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की जबकि इन्हीं वाहनों के कारण पूरा दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। यही नहीं सिविल अस्पताल के मुख्य गेट पर ही कई गाड़ियां खड़ी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।