बहादुरगढ़ में नगर परिषद के वाइस चेयरमैन राजपाल शर्मा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर पार्षदों के बीच हलचल तेज हो गई है। प्रस्ताव के लिए बैठक बुलाने के लिए कई पार्षद लामबंद हो गए और इस संबंध में बैठक कर प्रस्ताव पास किया गया। हालांकि पार्षदों ने आरोप लगाया कि अविश्वास प्रस्ताव को लेकर आधिकारिक बैठक नहीं बुलाई जा रही है, जिससे उनमें रोष है। अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले पार्षदों का कहना है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत उनकी मांग पर बैठक बुलाई जानी चाहिए, लेकिन अब तक ऐसा नहीं किया गया। इसी को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई और प्रशासन से जल्द बैठक बुलाने की मांग की। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही पार्षद अपने तेवर दिखा चुके हैं। उन्होंने वार्ड कमेटी की बैठक का भी बहिष्कार किया था, जिसके चलते बैठक में कई कुर्सियां खाली रह गई थीं। पार्षदों का कहना है कि यदि जल्द बैठक नहीं बुलाई गई तो वे आगे भी अपना विरोध जारी रखेंगे।