झज्जर जिले के गांव कलोई में हुए पिता-पुत्र की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस ने मृतकों की दो बहुओं को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। चौकी प्रभारी दुलीना उपनिरीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के कुशल नेतृत्व में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव कलोई में खजान और उसके पुत्र संजय की हत्या कर उनके शवों को खुर्द-बुर्द किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कई पुलिस टीमें गठित की गईं। खुफिया तंत्र और साइबर सेल की मदद से जांच आगे बढ़ाई गई। इससे पहले पुलिस ने मुख्य आरोपी अशोक को गिरफ्तार किया था। अब जांच में सामने आया कि अशोक और अनिल की पत्नियां भी हत्या की साजिश और वारदात में शामिल थीं। दोनों महिलाओं की संलिप्ता की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। अदालत ने दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए हैं।