बहादुरगढ़: गुरुग्राम को पानी सप्लाई करने वाली एनसीआर नहर पर उस समय अफरातफरी मच गई जब नहरी पानी की चोरी रोकने गई सिंचाई विभाग की एक टीम पर कुछ अज्ञात लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर लाठी-डंडों और कसियों से हमला किया। इस दौरान उनके मोबाइल फोन छीनकर नहर में फेंक दिए गए। घटना की सूचना मिलते ही मांडौठी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।