जिले के गांव सिलानी निवासी अरमान चाहर ने थाईलैंड में आयोजित हुई अंडर-15 एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक अपने नाम किया। सिलानी गांव में पहुंचने पर अरमान चाहर का ग्रामवासियों की तरफ से स्वागत किया गया। थाईलैंड में 27 जून से पांच जुलाई तक अंडर-15 व अंडर-20 एशियन कुश्ती चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। इस दौरान अरमान चाहर ने अंडर-15 आयु वर्ग के 68 किलोग्राम भार वर्ग में भाग लिया। अरमान को अपने पहले ही मुकाबले क्वालीफिकेशन में 6-3 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद रिपिचेज मुकाबले में अरमान ने 10-0 से जीत दर्ज की। इसके बाद कांस्य पदक मुकाबले में भी 10-0 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया। कांस्य पदक जीतने के बाद अपने पैतृक गांव पहुंचे अरमान चाहर का ग्रामवासियों व अन्य लोगों की तरफ से स्वागत किया गया। अरमान चाहर को खुली जीप में बैठाकर गांव में घुमाया गया। गांव में खुशी का माहौल देखने को मिला और लोगों ने अपने इस होनहार बेटे पर गर्व जताया। अरमान के साथ उनके कोच सहदेव सिंह बालियान और दीपक चाहर का भी ग्रामीणों ने स्वागत किया। सम्मान समारोह के दौरान अरमान चाहर ने कहा कि उनका लक्ष्य गोल्ड मेडल जीतना था। हालांकि इस बार कांस्य पदक मिला है, लेकिन जहां कमी रह गई है, उसे दूर कर अगली प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने का पूरा प्रयास करेंगे। भावुक पिता संजय चाहर ने कहा कि उन्हें अपने बेटे पर गर्व है और पूरा विश्वास है कि अरमान आने वाले समय में देश के लिए गोल्ड मेडल जीतकर भारत का नाम रोशन करेगा। माता राजेश ने भी बेटे की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह अरमान की पहली बड़ी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि है। उन्हें पूरा विश्वास है कि एक दिन उनका बेटा ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करेगा और देश के लिए पदक जीतकर पिता का सपना साकार करेगा। पूरे परिवार में इस उपलब्धि को लेकर खुशी का माहौल है।