बरवाला रोड पर स्थित गांव चानौत के ग्रामीणों ने गांव के पास से गुजर रही हांसी शहर के लिए भाखड़ा नहर जल परियोजना का काम तीन दिन से रोक रखा है। सोमवार को भी ग्रामीणों का धरना प्रदर्शन जारी रहा। ग्रामीणों कि मांग है कि इसी परियोजना की पाइपलाइन से गांव को भी पानी का कनेक्शन दिया जाए। इधर धरने को विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी एवं कांग्रेस नेता राहुल मक्कड़ ने समर्थन दिया। उन्होंनेकहा कि गांव के लोग वर्षों से पेयजल संकट झेल रहे हैं। अब जब भाखड़ा नहर जल परियोजना गांव के पास से गुजर रही है तो ग्रामीणों को उनका हक मिलना चाहिए। जब तक गांव को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं कराया जाता और ग्रामीणों की मांग पूरी नहीं होती, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। धरने में शामिल कृष्णा, बिंदे व अन्य महिलाओं ने कहा कि जब भाखड़ा परियोजना उनके गांव के पास से गुजर रही है। गांववासियों का भी इस पानी पर पूरा अधिकार है। उनका कहना है कि वर्षों से लोग साफ पानी के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। ग्रामीण अनूप चानौत ने बताया कि करीब 15 दिन पहले उन्होंने स्थानीय विधायक विनोद भयाना से मुलाकात कर समस्या रखी थी। उस दौरान विधायक ने खरकड़ी नहर से अलग पेयजल लाइन बिछाने का आश्वासन दिया था। लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने परियोजना का काम बंद कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। जब तक धरना जारी रहेगा जब तक हमारी मांगे नहीं मानी जाती है।