हिसार। सावन की शिवरात्रि मंगलवार को मनाई जाएगी। जिले के प्रमुख शिवालयों को सजाया गया है। शहर में टाउन पार्क, पीएलए मार्केट, देवीभवन और मोती बाजार स्थित श्रीहनुमान मंदिर में भी विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। शिव कामेश्वर धाम (किरमारा), बाबा प्रयाग गिरी शिवालय, सीसवाल धाम और महेंदेश्वर महादेव शिवालय (बास) में कांवड़ियों के स्वागत की तैयारियां पूरी हैं। श्रीहनुमान मंदिर मंडल ट्रस्ट इस बार 34वां शिवरात्रि महोत्सव मनाएगा। मंदिर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। ट्रस्ट के प्रधान रमेश कुमार लोहिया और महासचिव अनूप गुप्ता ने बताया कि हरिद्वार से पहुंचने वाले कांवड़ियों के ठहरने, जलपान और भोजन की व्यवस्था की गई है। शाम को बैंड-बाजे के साथ कांवड़ शोभायात्रा निकाली गई। इसके बाद मंदिर परिसर में आरती और पूजा हुई। रात को भंडारा लगाया गया। 11 अगस्त की सुबह पुजारी राजेश शास्त्री मंत्रोच्चारण के साथ कांवड़ चढ़ाएंगे। जलाभिषेक के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। कांवड़ियों की सहायता के लिए ट्रस्ट के पदाधिकारी और स्वयंसेवक तैनात रहे।शिव शक्ति सेवा समिति ने सोमवार को 28वां सावन शिवरात्रि महोत्सव और भंडारा किया। इसमें उज्जैन और गुरुग्राम के गायक भोले बाबा का गुणगान करेंगे। बरवाला के खरकड़ा-बनभौरी मार्ग पर स्थित प्राचीन शिव इच्छापुरी शिवालय में सोमवार को महाशिवरात्रि उत्सव मनाया जाएगा। कार्यक्रम में जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा मुख्य अतिथि रहे जबकि पूर्व अध्यक्ष सतबीर वर्मा व आयुष शर्मा अतिविशिष्ट अतिथि रहेंगे। मंदिर कमेटी एवं गोशाला के संचालक जगविंद्र सिंगला व विजय कंसल ने बताया कि शिवालय में समाजसेवी नरेश जिंदल व आयुष शर्मा रात में जलाभिषेक करेंगे। पंडित सचिन शर्मा पूजा कराएंगे।