पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता केवल सरकार या नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। इसी सोच के साथ महिला कॉलेज की सेवानिवृत्त प्राध्यापिका सुषमा गांधी पिछले कई वर्षों से लोगों और विद्यार्थियों को कचरा प्रबंधन और प्लास्टिक के कम उपयोग के प्रति जागरूक कर रही हैं। कैमरी रोड निवासी सुषमा ने बताया कि मेरा विषय संगीत रहा है, लेकिन इसके बावजूद मैंने हमेशा विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक करने की कोशिश की है। मेरा मानना है कि स्वच्छता केवल सरकार या नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह अपने घर और आसपास को साफ रखने में योगदान दे। मैं लगभग पिछले 35 वर्षों से हिसार में रह रही हूं और हमेशा से यही कोशिश रही है कि अपने आसपास के लोगों और विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करूं। कॉलेज में पढ़ने वाली अधिकतर छात्राएं गांवों और शहरों से आती थीं। ऐसे में मैं उन्हें यही समझाती थी कि हर घर में निकलने वाले कचरे को सही तरीके से संभालना कितना जरूरी है। यदि हम अपने घर में ही गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखना शुरू कर दें और प्लास्टिक को इधर-उधर फेंकने के बजाय रिसाइक्लिंग के लिए दें, तो सड़कों और गलियों में फैलने वाली गंदगी को काफी हद तक रोका जा सकता है।