हांसी के गांव चानौत में पानी के आंदोलन को लेकर जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईन संजीव त्यागी ने कहा कि आंदोलन के दौरान सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया था, जिसके चलते संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून के अनुसार मामले में आगे भी कार्रवाई की जाएगी। संजीव त्यागी ने कहा कि शहर के लिए बिछाई जा रही भाखड़ा पर जल पाइपलाइन में गांव चानौत में टी-कनेक्शन लगाने को लेकर विभाग के पास अभी तक उच्च अधिकारियों की ओर से कोई नया आदेश या निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि विभाग को इस संबंध में किसी प्रकार की आधिकारिक सूचना नहीं मिली है, इसलिए फिलहाल विभाग अपने स्तर पर किसी नए निर्णय की पुष्टि नहीं कर सकता। गौरतलब है कि चानौत गांव के ग्रामीण टी-कनेक्शन की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। ग्रामीणों का दावा है कि उनकी मांग को मंजूरी मिल गई है, जबकि प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में टी-जॉइंट को लेकर स्थिति अभी भी स्पष्ट नहीं हो पाई है। बता दें कि गांव चानौत में पानी की मांग को लेकर पिछले 38 दिन से धरना चल रहा है। शनिवार शाम को गांव में ग्रामीणों की मांग के अनुरूप कनेक्शन लगवा दिया गया। यह टी कनेक्शन पूर्व सरपंच एसोसिएशन के प्रधान सोमेश कुमार ने की मौजूदगी में काम करवाया गया। टी कनेक्शन जिसके बाद गांव में खुशी मनाई गई वह 12 दिनों से चला आ रहा 5 ग्रामीणों का आमरण अनशन सोमेश कुमार ने जूस पिलाकर समाप्त करवाया।