प्रदेश में 6 पटवारियों के निलंबित किए जाने के विरोध में पटवारियों ने सोमवार को विरोध मार्च निकालते हुए प्रदर्शन किया। पटवारी- कानूनगो ने नारेबाजी करते हुए चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के गेट नंबर-4 से लघु सचिवालय तक पैदल मार्च निकाला। लघु सचिवालय गेट पर नगराधीश हरिराम को मांगपत्र सौंपा।मुख्यमंत्री के नाम प्रेषित ज्ञापन में निलंबन रद्द करने की मांग की गई। दी रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन के पदाधिकारी बलवीर ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से 6 पटवारियों का निलंबन गलत तरीके से किया गया है। ऐसा करना कर्मचारियों के साथ अन्याय है। क्षतिपूर्ति पोर्टल पर फसल खराबा वेरिफिकेशन से जुड़ी तकनीकी समस्याओं और पोर्टल की खामियों का दोष पटवारियों पर मढ़ा गया है। पूरे प्रदेश में लगभग 31 लाख किसानों के फसल खराबे के वेरिफिकेशन का भारी दबाव पटवारियों पर है। कई क्षेत्रों में एक पटवारी 8 से 10 सर्कल का कार्यभार संभाल रहा है। ऐसे में तकनीकी त्रुटियों को आधार बनाकर निलंबन की कार्रवाई करना अनुचित है। पोर्टल की खामियों का समाधान किए बिना ही जल्दबाजी में वेरिफिकेशन का काम पूरा करने का दबाव बनाया गया। कई स्थानों पर नेटवर्क की समस्या, स्टाफ की कमी और अन्य तकनीकी बाधाओं के कारण समय पर डेटा अपडेट करना संभव नहीं था। कुछ अधिकारियों की ओर से पटवारियों पर एकतरफा कार्रवाई की गई। जिससे उनका मनोबल प्रभावित हुआ है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि निलंबित पटवारियों को बहाल नहीं किया गया तो प्रदेशभर में आंदोलन तेज किया जाएगा। तकनीकी समस्याओं का समाधान कर निष्पक्ष जांच कराई जाए।