केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के संयुक्त आह्वान पर आज देशव्यापी 'भारत बंद' और हड़ताल के दौरान हिसार में भी मजदूर-कर्मचारी एकजुट दिखे। ट्रेड यूनियनों के कार्यकर्ताओं ने लक्ष्मी बाई चौक से लेकर मुख्य बस अड्डे तक सड़क जाम कर दी, जिससे वाहन चालकों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बस सेवाएं पूरी तरह ठप हो गईं, जबकि सड़कों पर जाम लगने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ। यह हड़ताल केंद्र सरकार की 'जनविरोधी' नीतियों, चार नए श्रम कोड्स, निजीकरण, बिजली (संशोधन) बिल, अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील, महंगाई नियंत्रण न होने और मजदूर-किसान अधिकारों पर हमले के विरोध में बुलाई गई है। ट्रेड यूनियनों का दावा है कि इसमें देशभर से लगभग 30 करोड़ मजदूर शामिल हो रहे हैं, जबकि हरियाणा में भी इसका व्यापक असर दिख रहा है। हिसार सहित कई जिलों में रोडवेज कर्मचारी, बैंक कर्मचारी, बिजली विभाग, मिड-डे मिल वर्कर और अन्य सेक्टर के लोग हड़ताल में भाग ले रहे हैं।