नमो यूथ मैराथन-2025 में बड़ी संख्या में युवाओं ने दौड़ लगाकर नशे को जड़ मूल से खत्म करने का संकल्प लिया। पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने महाराजा अग्रसेन चौक पर यूथ मैराथन को झंडी दिखाकर रवाना किया। युवाओं की हौसला अफजाई के लिए उन्होंने कुछ दूरी तक खुद भी दौड़ लगाई। युवाओं को संबोधित करते हुए मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार ने फिट इंडिया मूवमेंट, राहगिरी, साइक्लोथॉन, मैराथन तथा धाकड़ जैसे अनूठे कार्यक्रम शुरू करके नशे पर कड़ा प्रहार किया है। युवाओं के मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने के लिए प्रदेश भर में 2700 से ज्यादा कार्यक्रम आयोजित किए हैं। इन कार्यक्रमों में लाखों लोगों ने भागीदारी की है। नशे के जड़ से खात्मे के लिए जिला रेंज और राज्य स्तर पर एंटी नारकोटिक्स सेल गठित किए गए हैं। अब तक 3350 गांव और शहरों के 876 वॉर्ड को नशा मुक्त घोषित किया गया है। हांसी विधायक विनोद भ्याना ने कहा कि नशा समाज को खोखला करने के साथ-साथ हमारे भविष्य को भी निगल जाता है। प्रदेश सरकार ने नशा मुक्त अभियान को जन आंदोलन बनाया है।