मॉडल टाउन एरिया में घर के सामने खड़ी स्कूटी को युवक मास्टर की से महज 7 सेकेंड में स्टार्ट कर चोरी कर ले लिया। चोरी की यह करतूत सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई है। मॉडल टाउन मार्केट के व्यापारियों, आरडब्ल्यूए के सदस्यों ने सीसीटीवी फुटेज को पुलिस को देकर केस दर्ज कराया। चोरी की घटना की यह फुटेज सोशल मीडिया पर भी वायरल की है। चोर को सुराग देने वाले को 5 हजार का पुरस्कार देने का एलान भी किया है। मॉडल टाउन मार्केट एसोसिएशन के प्रधान मनोज अरोड़ा ने बताया कि मॉडल टाउन निवासी अशोक भल्ला की स्कूटी उनके मकान नंबर 89 के सामने खड़ी थी। वीरवार सुबह 7:20 बजे एक युवक आया। लाल रंग की टी शर्ट निकर पहन कर आए युवक ने कुछ सेकेंड के लिए इधर उधर देखा। इसके बाद वह स्कूटी पर बैठ गया। उसने स्कूटी में चाबी लगाई तथा महज 8 सेकेंड में ही स्कूटी को स्टार्ट कर उसे चोरी कर ले गया। इस बारे में थाना अर्बन एस्टेट को शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर फुटेज के आधार पर जांच शुरु कर दी है। प्रधान मनोज अरोड़ा ने कहा कि चोरी का सुराग देने वाले तथा चोर को पकड़वाने में मदद करने वाले को स्कूटी मालिक अशोक भल्ला की ओर से 5 हजार का पुरस्कार दिया जाएगा। प्रधान मनोज अरोड़ा ने कहा कि अब चोर दिन के समय भी चोरी करने से नहीं हिचक रहे।