दिसंबर महीने के आखिरी सप्ताह में रात के तापमान में फिर से गिरावट आ रही है। सोमवार को रात का तापमान 2.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान रहा। इससे पहले रविवार को हिसार में रात का तापमान 2.5 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश की संभावना है, जिसके असर से ठंड के तेवर और कड़े होंगे। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि प्रदेश में कोहरा और पश्चिमी दक्षिणी हिस्सों में शीतलहर पाला जमने की स्थिति बन रही है।पूरे प्रदेश में रात्रि तापमान 9 डिग्री से नीचे पहुंच गया। अधिकतर स्थानों पर 5.0 डिग्री सेल्सियस और कुछ स्थानों पर 2.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है यानी हाड़ कंपा देने वाली सूखी ठंड ने अपने तेवरों को दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि 31 दिसम्बर को एक नया मध्यम श्रेणी का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 31 दिसम्बर रात से ही मौसम में बदलाव और 1 जनवरी को अलसुबह से हल्की से मध्यम बारिश और बूंदाबांदी की गतिविधियों की प्रबल संभावना है। हालांकि पंजाब से सटे उत्तरी हिस्सों में कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश जबकि मध्य और पश्चिमी हिस्सों में मध्यम और दक्षिणी हिस्सों में हल्की बारिश बूंदाबांदी की गतिविधियों की सम्भावना बन रही है। जैसे ही यह विक्षोभ आगे निकल जाएगा, वैसे ही हाड़ कंपा देने वाली ठंड देखने को मिलेगी।