राजगुरु मार्केट में वीरवार से चार पहिया वाहनों की एंट्री बंद कर दी गई। बावजूद इसके अतिक्रमण, बेतरतीब ढंग से खड़े दुपहिया वाहनों और फड़ वालों की वजह से मार्केट में अव्यवस्था फैली रही। मार्केट में व्यवस्था बनाने के लिए नगर निगम की तहबाजारी टीम को दिन भर कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। उधर मार्केट में भीड़ बढ़ने के साथ ही जेबकतरे भी सक्रिय हो गए हैं। वीरवार को मार्केट में खरीदारी के लिए आई महिला के पर्स से 3800 रुपये निकाल लिए गए। मगर निगम व पुलिस की टीम ने जेबकतरे को पकड़कर उससे पैसे बरामद कर लिए। त्योहारी सीजन में राजगुरु मार्केट में व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने चार पहिया वाहनों की एंट्री बंद कर दी। इसके लिए मार्केट में 10 जगहों पर पुलिस नाके लगाए गए हैं। मगर सड़कों पर आड़े-तिरछे खड़े दुपहिया वाहनों के कारण चार पहिया वाहनों की एंट्री बंद करने से व्यवस्था में सुधार होने का असर नजर नहीं आया। वहीं निगम की तरफ से न्यू राजगुरु मार्केट व बिश्नोई मंदिर मार्केट के बीच बनाई गई पार्किंग अब भी खाली पड़ी है। व्यापारी अपने दुपहिया वाहन इस पार्किंग में खड़ा करने के बजाय सड़कों पर ही खड़े कर रहे हैं जिससे आवागमन में परेशानी हो रही है। निगम प्रशासन भी इस मामले में असहाय नजर आ रहा है।