जनस्वास्थ्य विभाग के लिए काम करने वाले ठेकेदारों ने कार्य बंद कर हड़ताल कर दी है। हिसार सर्कल के तहत आने वाले हिसार-हांसी के ठेकेदारों ने सोमवार को बैठक के बाद हड़ताल का एलान किया। ठेकेदाराें ने कहा कि पिछले चार साल तक के उनके 70 करोड़ के बिल पेंडिंग पड़े हैं।अमरूत योजना के बिलों को भुगतान भी नहीं किया जा रहा। ठेकेदाराें ने हड़ताल कर काम बंद करने की शपथ ली। शपथ का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी पेमेंट नहीं होगी तब तक हड़ताल जारी रहेगी। जनस्वास्थ्य विभाग मेंटनेंस ठेकेदारों की यूनियन के प्रधान बलजीत बैनीवाल ने बताया कि ठेकेदारों के साल 2021 तक के बिल बकाया पड़े हैं। उन्होंने हिसार में तीन तथा हांसी में एक डिविजन है। चारों डिविजन के ठेकेदारों ने काम बंद कर दिया है। उन्होंने बताया कि किसी ठेकेदार का 20 लाख रुपये का बिल हो तो उसे तीन से चार महीने में 50 हजार रुपये दिए जाते हैं। ठेकेदारों ने बताया कि महाग्राम, अमरूत के काम भी बंद कर दिए गए हैं। पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट के खुद के पास छोटे-छोटे कार्य करवाने के लिए सामान नहीं होता है। ऐसे में इन कार्यों को मेंटेनेंस ठेकेदार के जरिए करवाया जाता है।