हिसार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला फूंका। प्रदेश कांग्रेस के सीनियर प्रवक्ता बजरंग गर्ग की अध्यक्षता में कांग्रेस कार्यालय के बाहर यह प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने जवाब दो दो , नरेंद्र मोदी जवाब दो के नारे लगाए।संविधान निर्माता के अपमान पर जवाब दो हिसाब दो के नारे भी लगाए। कांग्रेस नेता बजरंग गर्ग ने कहा कि बाबा साहेब आंबेडकर ने देश को संविधान देने का काम किया। उन्होंने हर वर्ग के व्यक्ति के लिए आवाज उठाने का काम किया। सभी जाति, धर्म, वर्ग के लोगों को उनका अधिकार देने का काम किया। ऐसे डॉ. आंबेडकर के खिलाफ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की टिप्पणी बेहद निंदनीय है। केंद्र सरकार तुरंत प्रभाव से उनके खिलाफ कार्रवाई करे। अमित शाह अपने बयान के लिए माफी मांगे। जब तक वह माफी नहीं मांगेंगे कांग्रेस का विरोध जारी रहेगा।