हांसी। हरियाणा के सबसे बड़े गांव सिसाय में स्वास्थ्य सेवाओं का ढांचा पूरी तरह चरमरा गया है। गांव में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का सरकारी भवन इस कदर जर्जर हो चुका है कि वह कभी भी किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता है। आलम यह है कि इलाज के लिए आने वाले मरीजों और ड्यूटी पर तैनात स्टाफ को हर वक्त छत या दीवार गिरने का खतरा सताता रहता है। जिसके कारण आम लोगों को अब इस स्वास्थ्य केंद्र के भीतर जाने से भी डर लगने लगा है। यह हालत तब है जब करीब 25 हजार आबादी केवल इसी सीएचसी पर निर्भर है। स्वास्थ्य केंद्र में सुविधाओं के नाम पर केवल खानापूर्ति हो रही है। अस्पताल पहुंचने वाले ग्रामीणों का आरोप है कि यहां डॉक्टरों की तरफ से लिखी जाने वाली जरूरी दवाइयां तक उपलब्ध नहीं होती हैं। अस्पताल के दवा काउंटर से अक्सर मरीजों को खाली हाथ या बेहद सामान्य दवाइयां देकर लौटा दिया जाता है। अस्पताल की इस बदहाली और दवाओं के टोटे के कारण ग्रामीणों को अपनी छोटी-मोटी बीमारियों के इलाज और प्राथमिक उपचार के लिए भी मजबूरन 10 किलोमीटर दूर हांसी के नागरिक अस्पताल या निजी क्लीनिकों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।