पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा रविवार को पूर्व सांसद धर्मपाल मलिक के भाई जोगिंदर सिंह मलिक की शोक सभा में पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। इसके बाद उन्होंने बरोदा के विधायक इंदुराज नरवाल के कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ समय बिताया और क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियों पर चर्चा की। बाद में आयोजित प्रेसवार्ता में हुड्डा से हांसी में चल रहे विवाद को लेकर सवाल किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार को विवाद में शामिल दोषियों को पकड़ना चाहिए, लेकिन निर्दोष लोगों पर लाठीचार्ज करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार को हर मामले में निष्पक्षता से कार्रवाई करनी चाहिए और आम लोगों की समस्याओं को सुनना चाहिए। हुड्डा ने कहा कि लाठी और गोली से सरकार नहीं चलती। सरकार संवाद और बातचीत से चलती है तथा समस्याओं का समाधान बातचीत के माध्यम से निकाला जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी विवाद को बल प्रयोग के बजाय आपसी बातचीत और कानून के अनुसार कार्रवाई करके सुलझाया जाना चाहिए। हुड्डा के गोहाना पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, विधायक इंदुराज नरवाल, पूर्व विधायक जगबीर मालिक सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। शोक सभा में क्षेत्र के सामाजिक और राजनीतिक लोगों ने भी पहुंचकर जोगिंदर सिंह मलिक को श्रद्धांजलि दी।