हिसार में एक वकील के साथ पुलिस द्वारा कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है, जिसको लेकर अधिवक्ता समुदाय में भारी रोष देखने को मिला। जानकारी के अनुसार, ड्यूटी के दौरान पुलिस और वकील के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद वकील ने पुलिस पर अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाए। इस घटना के बाद मामला तूल पकड़ गया। एसोसिएशन के प्रधान विक्रांत चौहान व महासचिव विशाल गर्ग ने बताया कि पंजाब एवं हरियाणा के एक वकील अमित के साथ सीआईए के तीन कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार के विरोध में वकीलों के विरोध के चलते संबंधित मामले में पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जिले में 1800 से ज्यादा वकील हैं और 1000 से ज्यादा प्रैक्टिस कर रहें हैं। इस घटना के विरोध में यमुनानगर बार एसोसिएशन ने एक दिन का कार्य बहिष्कार करते हुए न्यायिक कार्य से स्वयं को अलग रखा। बार एसोसिएशन ने मांग की कि वकीलों के सम्मान और सुरक्षा को सुनिश्चित किया जाए तथा दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। बार एसोसिएशन ने यह भी स्पष्ट किया है कि एफआईआर दर्ज होने और प्रशासन से सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद कल से सभी अधिवक्ता पुनः अपने न्यायिक कार्य पर लौट आएंगे। फिलहाल पूरे मामले पर प्रशासन और अधिवक्ता दोनों की नजर बनी हुई है।