संवाद न्यूज एजेंसी टोहाना। थाना सदर क्षेत्र के गांव आकावाली में सोमवार को बिजली की बार-बार कटौती और लो-वोल्टेज से परेशान होकर ग्रामीणों ने बस स्टैंड के पास टोहाना-रतिया रोड को जाम कर दिया। जानकारी के अनुसार गांव के बिल्लू राम की अगुवाई में ग्रामीण सुबह इकट्ठा हुए और सड़क पर उतरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पिछले कई दिनों से गांव में बिजली ठीक से नहीं आ रही। गर्मी के कारण बच्चों और बुजुर्गों को भारी दिक्कत हो रही है। कई बार शिकायत के बाद भी बिजली विभाग द्वारा कोई समाधान नहीं किया गया। जाम लगने से टोहाना-रतिया मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। वाहन चालकों को करीब 1 घंटे तक परेशानी उठानी पड़ी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बिजली विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया। मौके पर पहुंचे बिजली निगम के जेई अजीत सिंह ने ग्रामीणों को समस्या जल्द ठीक करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया और यातायात सामान्य हुआ। विभाग ने कहा कि फॉल्ट दूर करने के लिए टीम लगा दी गई है।