नहर कॉलोनी स्थित गीता धर्मशाला के पास खड़ी तीन कारों के शीशे बीती रात अज्ञात युवकों ने ईंटों से तोड़ डाले। सुबह जब कार मालिक उठे और वाहनों की हालत देखी तो उनके होश उड़ गए। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने हालात का जायजा लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि पता चल सके किन लोगों ने वारदात को अंजाम दिया। कार मालिकों का कहना है कि उनकी गाड़ियां हमेशा घर के बाहर खड़ी रहती हैं, लेकिन इस तरह की घटना पहली बार हुई है। अचानक शीशे टूटे देख लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। डायल 112 टीम से पहुंचे सुरेश कुमार ने बताया आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शीघ्र ही आरोपियों का सुराग लगा लिया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।