पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बुधवार दोपहर बाद रतिया शहर में संजय गांधी चौक से बुढलाडा रोड तक पैदल भ्रमण कर कानून-व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों, राहगीरों और आम नागरिकों से संवाद कर उनकी सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं और सुझाव सुने। पैदल भ्रमण के दौरान डीएसपी नर सिंह, थाना शहर प्रभारी निरीक्षक पुष्पा सिहाग, थाना सदर प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पैदल भ्रमण का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना और जनता से सीधा संवाद स्थापित करना है। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने थाना सदर रतिया का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मालखाना, शस्त्रागार, रिकॉर्ड रूम और सीसीटीएनएस सिस्टम की जांच की तथा ड्यूटी रजिस्टर का अवलोकन किया। थाना परिसर की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। थाना सदर में आयोजित बैठक के दौरान उन्होंने नियमित गश्त, संदिग्ध गतिविधियों पर सख्त निगरानी और असामाजिक तत्वों व नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। लापरवाही बरतने पर कड़ी विभागीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी।